रुद्रप्रयाग , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड के जनपद रुद्रप्रयाग में शुक्रवार अपराह्न केदारनाथ पैदल मार्ग पर थारु कैंप के पास ग्लेशियर का एक हिस्सा आने से मार्ग आंशिक रूप से अवरुद्ध हो गया। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और मार्ग को सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बड़ी लिनचोली से ऊपर स्थित थारु कैंप के पास ग्लेशियर क्षेत्र से अचानक बर्फ आने के कारण पैदल मार्ग का एक हिस्सा प्रभावित हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित