रुद्रप्रयाग , फरवरी 05 -- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में गुरुवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अगस्त्यमुनि में ब्लाक स्तरीय मल्टी स्पेशियलिटी हेल्थ कैंप का आयोजन हुआ, जिसमें जन्म से 18 वर्ष तक के 200 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में आयोजित इस शिविर में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दूरस्थ गांवों से आए 200 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर दवा वितरित की गई। साथ ही 14 की अल्ट्रासाउंड व 26 के खून से संबंधित विभिन्न जांच भी की गई। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डाॅ. वैभव नौटियाल द्वारा नौ, सर्जन डाॅ. विवेक कुमार द्वारा 15, नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. सिद्धार्थ शर्मा द्वारा 51, ईएनटी विशेषज्ञ डाॅ. शिखा भट्ट द्वारा 31, मनोरोग विशेषज्ञ डाॅ. रिद्धा द्वारा 03, बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. अजय गोस्वामी द्वारा 38 के अलावा स्त्री रोग के 53 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संदर्भित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से ब्लाक स्तरीय मल्टी स्पेशियलिटी कैंप का आयोजन किया गया। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में ऊखीमठ में भी ब्लाक स्तरीय मल्टी स्पेशियलिटी कैंप का आयोजन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित