रुद्रप्रयाग , नवंबर 14 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग के धारकुडी गांव में शुक्रवार महिलाओं पर भालू ने हमला किया। भालू के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी और छह अन्य महिलाएं मामूली रुप से घायल हुयीं।

उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएस पुंडीर ने बताया कि घटना ग्राम सभा धारकुडी से लगभग एक किमी दूर आरक्षित वन के बधाणी वीट में पूर्वाह्न नौ बजे के भालू ने महिलाओं पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार हेतु रणधार स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। उक्त घटना में एक महिला कीडी देवी (55) पत्नी प्रेम सिंह को उपचार हेतु हायर सेन्टर रेफर किया गया जबकि अन्य महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।

घटना के बाद मौके पर वन क्षेत्राधिकारी उत्तरी जखोली सहित वन विभाग की पूरी टीम को तैनात कर दिया गया हैं। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को सावधानी बरतने हेतु जागरूक किया गया है।

वन अधिकारी ने बताया कि घायल महिलाओं के नाम सीमा देवी (27) पत्नी सूरज सिंह, अनु देवी (26) पत्नी धनवीर सिंह, कीडी देवी (33) पत्नी प्रेम सिंह, सोना देवी (39) पत्नी दीपक सिंह, सुनीता देवी (33) पत्नी प्रकाश सिंह, पिंकी देवी (32) और फूल देवी (35) पत्नी महावीर सिंह हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित