रुद्रप्रयाग , मार्च 09 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आम जनमानस की समस्याओं को सुनने तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को आवश्यक कार्यवाही एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान मैखंडा निवासी रमेश लाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान उनकी गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई थी लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल पाया है। वहीं नारायणकोटी निवासी जसपाल लाल ने भी एनएच द्वारा उनकी दुकान तोड़े जाने के बाद मुआवजा न मिलने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी।

इसके अतिरिक्त तिलवाड़ा निवासी सुबोध चमोला ने भूमि से संबंधित प्रकरण की फाइल लंबे समय से तहसील स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी। नाग जगई निवासी ऋतिक ने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया, जबकि कांडा गांव की विजया देवी ने बीपीएल कार्ड बनाने की मांग की।

जनसंवाद कार्यक्रम में भरदार जागरूकता मंच के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद डिमरी ने सिलगांव-मठियाणा-सौंदा मोटर मार्ग के निर्माण की मांग उठाई। वहीं मंच के महासचिव भगत सिंह चौहान ने सुमाड़ी-कंडाली मोटर मार्ग पर उखड़े डामर की मरम्मत तथा नालियों के निर्माण की मांग रखी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और शिकायतों के निस्तारण की जानकारी जिला कार्यालय के साथ-साथ संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सीएम पोर्टल पर 216 शिकायतें लंबित हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण किया जाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साल एक जनवरी से अब तक कुल 3346 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित