देहरादून , मार्च 31 -- उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल विकास निगम रुद्रप्रयाग जनपद के पनवाली कांठा क्षेत्र में एक नया ट्रैकिंग मार्ग बनाएगा।
निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने देहरादून के राजपुर रोड स्थित निगम कार्यालय में मंगलवार को पत्रकार वार्ता करते हुए बताया कि यह ट्रैक बांगर क्षेत्र से होते हुए पधानी ताल के ऊपर स्थित खूबसूरत पहाड़ी इलाकों से गुजरते हुए चिरवटिया तक पहुंचता है, जो रुद्रप्रयाग-टिहरी बॉर्डर के पास स्थित है।
उन्होंने कहा कि गढ़वाल में ट्रैकिंग को बढ़ावा देना जीएमवीएन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है, क्योंकि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
हाल ही में इस ट्रैक पर 70 से 80 लोगों की एक ट्रैकिंग एक्सपीडिशन भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने तीन से चार दिन तक इस मार्ग का अनुभव लिया।
श्री प्रतीक जैन ने बताया कि इस ट्रैक को विकसित करते समय इसे आसपास के गांवों के होमस्टे से जोड़ने की योजना है। इससे बाहर से आने वाले पर्यटक स्थानीय घरों में ठहर सकेंगे, जिससे उन्हें ग्रामीण जीवन का अनुभव मिलेगा और गांव के लोगों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित