रुद्रप्रयाग , अक्टूबर 26 -- उत्तराखंड के छेनागाड़ आपदा के मलबे में लापता नौ लोगों में से अब तक सात लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं जबकि दो अभी भी लापता हैं। लापता लोगों में चार नेपाली मूल के लोग भी शामिल हैं।
रुद्रप्रयाग जिले के छेनागाड़ में आई आपदा में लापता लोगों के शवों के मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीते शुक्रवार को दो शव मिलने के बाद शनिवार को पांच और शव बरामद किये गये हैं। अभी भी दो लोग मिसिंग चल रहे हैं और खोज एंव तलाश अभियान लगातार जारी है। इन दिनों सर्च अभियान में तेजी लाई गई है।
दरअसल बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ में विगत 28 अगस्त को बादल फटने की घटना में भयावह आपदा आई थी, जिसमें छेनागाड़ कस्बे का पूरी तरह से नामोनिशान मिट गया था। रात्रि के समय आई आपदा में जो लोग यहां रह रहे थे, वह भी लापता हो गये थे। जिनकी खोजबीन लगातार जारी है। इन दिनों मौसम साफ होने पर तेज गति से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित