देहरादून , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिले में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.06 मापी गयी। गौरतलब है कि पर्वतीय राज्य में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप का असर उत्तरकाशी में भी महसूस किया गया। भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप के झटके आज सुबह 5:02 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर पूर्व में था। इसकी गहराई सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। झटके करीब 10 से 15 सेकंड तक महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
रुद्रप्रयाग में आये भूकंप के झटकों का असर उत्तरकाशी जिले में भी महसूस किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित