हरिद्वार , फरवरी 11 -- हरिद्वार में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को कोतवाली रुड़की पुलिस द्वारा "पुलिस आपके द्वार" अभियान के अंतर्गत मेथोडिस्ट कॉलेज, रुड़की में जागरूकता चौपाल आयोजित की गई।

शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संभावित अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को उनकी सुरक्षा संबंधी अधिकारों, कानूनी प्रावधानों एवं हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छेड़छाड़, साइबर अपराध, स्टॉकिंग, घरेलू हिंसा सहित विभिन्न अपराधों से बचाव के उपाय बताए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।

चौपाल के दौरान छात्राओं ने बेझिझक अपने सवाल रखे, जिनका पुलिस टीम ने विस्तार से उत्तर दिया। अधिकारियों ने आत्मरक्षा के महत्व, सतर्कता बरतने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहने के उपायों पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर उप निरीक्षक अंशु चौधरी, उप निरीक्षक चंद्रमा, महिला कांस्टेबल दीपा शर्मा एवं कांस्टेबल 51 अमित रावत मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और समाज के सहयोग से ही सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम को छात्राओं एवं कॉलेज प्रबंधन ने सराहा और इसे सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रभावी पहल बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित