रुड़की , मार्च 13 -- उत्तराखंड के रुड़की नगर निगम के सफाई कर्मियों की लगातार जारी हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण नगरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल समाप्त कराने के लिए प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच लगातार वार्ता चल रही है, लेकिन अभी तक किसी मुद्दे पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी है।
इसी बीच मेयर अनीता देवी अग्रवाल और नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी सहित निगम के अधिकारियों ने शुक्रवार को स्वयं सड़कों पर उतरकर स्वच्छता अभियान चलाया और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का संदेश दिया। निगम प्रशासन के अधिकारी खुद सफाई कार्य में जुटे नजर आए और सड़कों पर फैले कूड़े को इकट्ठा कर निगम की गाड़ियों में भरवाकर निस्तारण के लिए भिजवाया गया।
मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मियों के साथ वार्ता लगातार जारी है और जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा, जिसके बाद सभी कर्मचारी अपने कार्य पर वापस लौट आएंगे। वहीं नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि एसडीएम ए.के. शुक्ला की मध्यस्थता में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच बातचीत हुई है और उम्मीद है कि जल्द ही हड़ताल समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों की कुछ शर्तों के साथ हड़ताल समाप्त होने के संकेत भी दिए।
फिलहाल शहर के कई इलाकों में कूड़े के अंबार लगे हुए हैं, जिसे देखते हुए निगम प्रशासन ने खुद ही सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था संभालने की कोशिश की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित