हरिद्वार , जनवरी 28 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के विकास खंड रुड़की के तांशीपुर न्याय पंचायत में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत बुधवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 6273 क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया।

जानकारी के अनुसार शिविर में 1108 लोगों को विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्र जारी किए गए, वहीं 987 लोगों को जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान जनता द्वारा 67 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्रमुख शिकायतें पानी की टंकी, आधार कार्ड, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत बिल, जलभराव, सफाई और राजस्व भूमि से संबंधित थीं।

उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुँचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित