हरिद्वार , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने रविवार को एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.87 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की , जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के ''ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन'' के अंतर्गत जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक द्वारा टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
उपनिरीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 10.87 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान आरिफ (25), निवासी खेमपुर लण्ढौरा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुड़की में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल एक अन्य तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित