हरिद्वार , अप्रैल 12 -- उत्तराखंड के रुड़की शहर स्थित विनय विशाल अस्पताल में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगते ही अस्पताल में तेजी से धुआं फैल गया जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत फैल गई।
घटना के दौरान अस्पताल की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे कई आवश्यक चिकित्सीय उपकरण अस्थायी रूप से बंद हो गए। विशेष रूप से आईसीयू में भर्ती मरीजों के परिजन चिंता में नजर आए क्योंकि ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य जीवनरक्षक मशीनों के प्रभावित होने से स्थिति गंभीर हो गई थी।
अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग अस्पताल के फिजियोथैरेपी सेंटर से शुरू होना सामने आया है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित