रायपुर , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल अपने दो दिवसीय प्रवास पर मंगलवार शाम रायपुर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वे विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और शिष्टाचार कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने रायपुर पहुंचने के बाद वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद क्वींस क्लब में विंध्य समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहां उनका स्वागत किया गया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा से रायपुर के लिए शुरू हुई हवाई सेवा से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सड़कों और रेल सेवाओं के साथ हवाई संपर्क भी अत्यंत आवश्यक है। रीवा से दिल्ली और इंदौर के लिए पहले ही हवाई सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जिससे व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

उन्होंने रीवा से दुर्ग तक प्रस्तावित ट्रेन सेवा को लेकर भी सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच गहरे संबंध हैं और यह हवाई सेवा दोनों राज्यों के बीच दूरी कम करने के साथ आपसी जुड़ाव को भी मजबूत करेगी। विधायक किरण सिंहदेव ने इसे आवागमन को आसान बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

उपमुख्यमंत्री के तय कार्यक्रम के अनुसार 18 मार्च को वे सुबह 11:15 बजे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास में शिष्टाचार भेंट करेंगे। इससे पहले वे नालंदा परिसर का निरीक्षण करेंगे।

दोपहर 12:05 बजे पहुना गेस्ट हाउस में विंध्य क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी, शंकर सिंह गहरवार, कल्याण प्रसाद पांडेय, डॉ. व्यास मुनि द्विवेदी, मधुकर द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित