कोरबा, अक्टूबर 18 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में अवैध कब्जों पर नगर निगम का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। वार्ड नंबर 32, रिसदी चौक क्षेत्र में निगम की कीमती जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को शनिवार को निगम टीम ने तहसीलदार की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार राधे यादव नामक व्यक्ति ने नगर निगम की भूमि पर पहले दुकान और उसके पीछे पक्का मकान खड़ा कर कब्जा कर लिया था। नगर निगम ने पूर्व में नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद कब्जाधारी ने निर्माण जारी रखा। अंततः नगर निगम ने तहसीलदार डी.एस. मंडावी की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान अवैध कब्जाधारी द्वारा विरोध किए जाने की जानकारी भी सामने आई परंतु निगम टीम ने पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई।
नगर निगम की कार्रवाई टीम का नेतृत्व इम्तियाज़ खान ने किया। तहसीलदार डी.एस. मंडावी ने बताया कि अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर नगर निगम के साथ संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई।
हाल ही में मानिकपुर चौकी क्षेत्र में भी अवैध प्लॉटिंग के मामलों में प्रशासन ने सख्त कदम उठाए थे। अब शहर के मध्य क्षेत्रों में हो रहे कब्जों पर निगम का रुख सख्त होता नज़र आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित