चेन्नई , जनवरी 31 -- रियर एडमिरल उपल कुंडू ने शनिवार को तमिलनाडु और पुड्डुचेरी नौसेना क्षेत्र (फोटना ) के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग का पदभार संभाल लिया।

रियर एडमिरल कुंडू ने आज आईएनएस अड्यार में आयोजित एक औपचारिक परेड में रियर एडमिरल सतीश शेनाई से पदभार ग्रहण किया। रक्षा विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार रियर एडमिरल सतीश शेनाई तमिलनाडु और पुड्डुचेरी नौसेना क्षेत्र में 40 साल की राष्ट्र सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। अब फोटना के रूप में, रियर एडमिरल उपल कुंडू तमिलनाडु राज्य और पुड्डुचेरी केंद्र शासित प्रदेश में सभी इकाइयों और प्रतिष्ठानों के नौसैनिक संचालन और प्रशासन की देखरेख की जिम्मेदारी संभालेंगे।

उल्लेखनीय है कि फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग तमिलनाडु और पुड्डुचेरी नैसेना क्षेत्र भारतीय नौसेना में एक वरिष्ठ पद है, जिसमें फोटना एक दो-सितारा एडमिरल होता है। भारतीय नौसेना के पांच एरिया कमांडरों में से एक फोटना क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विज्ञप्ति के अनुसार रियर एडमिरल कुंडू को भारतीय नौसेना में विभिन्न क्षमताओं में सेवा करने का व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता हासिल है। कमांड परिवर्तन समारोह में वरिष्ठ नौसेना अधिकारी, पूर्व सैनिक और उनके परिवार शामिल हुए। रियर एडमिरल सतीश शेनाई को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया, और रियर एडमिरल कुंडू का नए फोटना के रूप में स्वागत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित