राजकोट , दिसंबर 26 -- टी-20 विश्व कप से पहले उत्तर प्रदेश के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह ने विजय हजारे ट्रॉफी में एलीट ग्रुप बी मैच में चंडीगढ़ के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा । रिंकू ने महज 60 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाकर अपनी टीम को विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप बी मुकाबले में 4 विकेट के नुकसान पर 367 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया जिसके जवाब में चंडीगढ़ की टीम 293 ओवर में 140 रन पर लुढ़क गयी।
यूपी की तरफ से जीशान अंसारी ने 29 रन देकर चार विकेट लिए। आर्यन जुयाल को उनकी 134 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
इससे पहले रिकू ने चौकों और छक्कों की बारिश करते हुए 11 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए। रिंकू के अलावा आर्यन जुयाल ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 118 गेंदों पर 134 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। वहीं, ध्रुव जुरेल ने भी अहम योगदान देते हुए 57 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 67 रन बनाए। इसके अलावा समीर रिजवी ने 36 रन जोड़े, जबकि प्रशांत वीर 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। उत्तर प्रदेश की शुरुआत हालांकि खराब रही और महज 2.1 ओवर में सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आर्यन जुयाल और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित