कुरुक्षेत्र , जनवरी 21 -- कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बुधवार सुबह हरियाणा दौरे के तहत कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां वह 'संगठन सृजन अभियान' में शामिल हुए और पार्टी जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया।
श्री गांधी विशेष विमान से सुबह अंबाला वायुसेना केन्द्र पहुंचे, जहां श्री गांधी का कांग्रेस प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया। अंबाला से श्री गांधी सड़क मार्ग के जरिए कुरुक्षेत्र पहुंचे।
कुरुक्षेत्र में पंजाबी धर्मशाला में कांग्रेस के 'संगठन सृजन अभियान' के तहत जिला अध्यक्षों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है, जिसमें श्री गांधी हिस्सा ले रहे हैं। इस शिविर में हरियाणा और उत्तराखंड के कांग्रेस जिला अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत में श्री गांधी ने दोनों राज्यों के जिला अध्यक्षों के परिवारों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने संगठन में परिवारों के सहयोग और भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। इसके बाद श्री गांधी ने बंद हॉल में जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया।
सूत्रों के अनुसार, इस सत्र में जिला अध्यक्षों के अलावा किसी भी अन्य नेता को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी है। वरिष्ठ नेताओं को अलग कमरे में बैठाया गया है, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि पार्टी नेतृत्व जिला स्तर के संगठन को सीधे तौर पर मजबूत करने पर ध्यान केन्द्रित कर रहा है।
धर्मशाला परिसर में श्री राव नरेंद्र सिंह, श्री हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला सहित कई विधायक और सांसद मौजूद हैं, हालांकि वे प्रशिक्षण सत्र का हिस्सा नहीं हैं।
प्रशिक्षण शिविर के बाद श्री गांधी के शाम को कुरुक्षेत्र स्थित ऐतिहासिक ब्रह्मसरोवर में आयोजित आरती में शामिल होने की संभावना है। श्री गांधी के इस दौरे को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित