कानपुर , फरवरी 12 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत के लोकतंत्र के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

श्री हुसैन ने यहां पत्रकारों से बातचीत में आराेप लगाया कि संसदीय प्रणाली की मर्यादा का पालन करने के बजाय कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद में लगातार व्यवधान उत्पन्न करने का काम कर रहे हैं जाे देश हित में नहीं है। उन्हाेने कहा कि लोकसभा में 99 सीटें आने के बाद राहुल गांधी को गलतफहमी हो गई है कि वे देश में कुछ भी बोल सकते हैं। वास्तव में श्री गांधी अनर्गल बयानबाजी कर देश को गुमराह कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

अमेरिका के साथ हुए हालिया ट्रेड एग्रीमेंट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के हित में हुआ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने एक मजबूत और संतुलित डील की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस समझौते को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि यह भारत की आर्थिक मजबूती का प्रतीक है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने इस मिट्टी की सौगंध खाई है कि देश को कमजोर नहीं होने देंगे। उनकी मजबूत छवि और निर्णायक नेतृत्व का ही परिणाम है कि भारत वैश्विक मंच पर सम्मान के साथ खड़ा है।

राहुल गांधी को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से सीख लेनी चाहिए कि विपक्ष में रहते हुए भी किस प्रकार राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा जाता है और संसद की गरिमा बनाए रखी जाती है।

बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी हार का आभास हो गया है, इसलिए वे चुनाव आयोग जैसे मुद्दों को जानबूझकर उठाकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित