मैसूरु , जनवरी 13 -- कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को तमिलनाडु रवाना होने से पहले मैसूरु हवाई अड्डे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से संक्षिप्त मुलाकात की।
श्री गांधी तमिलनाडु में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने जा रहे थे और इसी क्रम में वे मैसूरु के मंडकल्ली हवाई अड्डे से होकर गुजरे, जहां मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। कुछ देर की बातचीत के बाद श्री गांधी तमिलनाडु के गुडालूर के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बाद में मीडिया से बातचीत में कहा कि श्री गांधी की मैसूरु यात्रा को लेकर कर्नाटक कांग्रेस नेतृत्व में किसी तरह का भ्रम या मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी तमिलनाडु जाते समय यहां रुके थे और उनका स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने पार्टी में आंतरिक कलह की बात को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि मीडिया अनावश्यक भ्रम फैला रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मुद्दा होगा तो वे स्वयं या उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार इस पर बयान देंगे, अन्य लोगों के बयानों का कोई महत्व नहीं है। श्री सिद्धारमैया ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी आलाकमान द्वारा लिया गया कोई भी निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।
मुलाकात के बाद श्री गांधी नीलगिरि ज़िले के गुडालूर पहुंचे, जहां उन्होंने सेंट थॉमस इंग्लिश हाई स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, श्री गांधी की यह यात्रा पूरी तरह औपचारिक थी और इस दौरान किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम या सार्वजनिक सभा की योजना नहीं थी।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने भी कहा कि पार्टी की जानकारी के अनुसार श्री गांधी की इस यात्रा के दौरान कोई राजनीतिक बैठक या कार्यक्रम तय नहीं था। हाल के वर्षों में यह श्री गांधी की गुडलूर की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वे सितंबर 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इस क्षेत्र में आए थे। उस समय उन्होंने समर्थकों को संबोधित किया था और पश्चिमी घाट की प्राकृतिक सुंदरता पर अपने विचार रखे थे ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित