सोनीपत , नवंबर 06 -- कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों के बाद सोनीपत की राई विधानसभा सीट सुर्खियों में है।
श्री गांधी ने सबूतों के साथ सोनीपत के राई हलके का जिक्र किया। उन्होंने जिले के मलिकपुर गांव के चार परिवारों का वीडियो दिखाया। ये वे मतदाता थे, जिन्होंने अप्रैल - 2024 के लोकसभा चुनाव में तो मतदान किया लेकिन छह महीने बाद विधान सभा चुनाव में उनके वोट काट दिए गए। उन्होंने दावा किया कि इनके वोट चोरी किए गए, क्योंकि इन्होंने कांग्रेस को वोट दिया था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारी टीम गांव मलिकपुर गई तथा यहां उन सभी लोगों से संपर्क किया, जिनके वीडियो राहुल गांधी ने मीडिया के सामने दिखाए। इन्हीं में शामिल सद्दाम हुसैन और उनकी पत्नी यासमीन ने खुलकर कहा कि वे 29 साल से कांग्रेस से जुड़े हैं। लोकसभा में कांग्रेस को वोट दिया तो विधानसभा में उनके वोट काट दिए गए।
वहीं, अंजलि त्यागी ने बताया कि करीब दो महीने पहले कांग्रेस की टीम आई थी। वोट काटने की बात बताने की वीडियो बनाई। उन्हें नहीं पता था कि ये वीडियो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ इस्तेमाल की जाएगी। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब 250 वोट कटे हैं।
गांव मलिकपुर निवासी कृष्ण कुमार ने कहा कि हम पुराने कांग्रेसी हैं। खुलकर कांग्रेस का समर्थन करते हैं। गांव के भाजपा एजेंट ने मिलीभगत कर बेटे अजय त्यागी का वोट कटवाया है।
उन्होंने बताया कि बेटे ने लोकसभा चुनाव में बूथ नंबर-3 पर वोट डाला था। विधानसभा में वोट ही कट गया। परिवार के बाकी सदस्यों का वोट नहीं काटा गया। बेटा यूपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली में रह रहा है। परिवार वोट डालने गया, तो बेटे की वोट कटा हुआ मिला।
कृष्ण कुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी जय भगवान आंतिल को इस बारे में सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि जय भगवान की टीम वीडियो बनाने आई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बूथों पर बीजेपी समर्थक लोग कब्जा किए हुए थे और पुलिसकर्मी मूक दर्शक बने रहे।
जब मलिकपुर निवासी महेंद्र त्यागी के घर जानकारी ली जिनके यहां अनुज त्यागी, उनके भाई राहुल और दोनों की पत्नियों साक्षी व सोनिया के वोट कटे हैं। अनुज त्यागी ने बताया कि उन्होंने लोकसभा चुनाव में वोट डाला था, लेकिन विधानसभा चुनाव में चार वोट काट दिए गए।
उन्होंने बताया कि उनके भाई राहुल और भाभी गन्नौर में रहते हैं, जबकि वह खुद धारूहेड़ा में नौकरी करते हैं। अनुज ने बताया कि कांग्रेस की टीम करीब 2 महीने पहले उनके घर वीडियो बनाने आई थी। उनकी पत्नी का वीडियो भी वोट चोरी को लेकर बनाया गया था और आधार-पैन कार्ड लिए गए थे। अनुज का कहना है कि परिवार में कुल 9 वोट थे, जिनमें से चार वोट काटे जाने के कारण वह मतदान नहीं कर पाए। बाद में दोबारा वोटर कार्ड बनवाए गए।
ताजपुर गांव से मलिकपुर में रहने आए सद्दाम हुसैन ने बताया कि वह 15 साल से वेल्डिंग का काम कर रहे हैं और यहां मकान बना लिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उन्होंने और उनकी पत्नी यासमीन ने वोट डाला था, लेकिन विधानसभा चुनाव में दोनों के वोट काट दिए गए। सद्दाम ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने लोकसभा में भाजपा के खिलाफ वोट दिया, उनके वोट विधानसभा में हटा दिए गए।
उन्होंने कहा कि उनकी पुरानी पीढ़ी चौटाला परिवार से जुड़ी थी, लेकिन पिछले 29 साल से कांग्रेस के साथ हैं। सद्दाम के अनुसार, गांव में करीब 250 वोट काटे गए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके दस्तावेज वोट बनवाने के नाम पर लिए थे। उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में कहा कि मलिकपुर और आसपास के गांवों में सचमुच वोट चोरी हुए हैं।
अंजलि त्यागी के घर पहुंचने पर उनके ससुर और पोती मौजूद थे। अंजलि त्यागी से बातचीत की गई तो पता चला कि उनका पूरा परिवार कांग्रेसी है, लेकिन दबी जुबान से अंजलि का यह भी कहना था कि वह बीजेपी के खिलाफ भी नहीं बोलना चाहती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस के लोग उनके वीडियो को भाजपा के खिलाफ प्रयोग कर रहे हैं।
अंजलि का कहना है कि 2019 में उसकी शादी अमित त्यागी के साथ हुई थी। लोकसभा के चुनाव में उन्होंने अपना पहली बार वोट डाला था। उस दौरान उनके पास कोई वोटर आईडी भी नहीं थी।
ग्रामीणों ने बताया कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में राई हलके और इस गांव से कांग्रेस को बढ़त दिलाई थी बाद में जब 2024 के विधानसभा चुनाव में वोट डालने का अवसर आया तो वह अपना वोट नहीं डाल पाई। क्योंकि उसका वोट कटा हुआ था।
कांग्रेस युवा नेता अनंत दहिया और पूर्व प्रत्याशी जय भगवान आंतिल की टीम ने राई विधानसभा में वोट काटे जाने का सर्वे किया। टीम का दावा है कि केवल मलिकपुर गांव में 150 से अधिक फर्जी वोट डलवाए गए और पूरी राई विधानसभा में कई वैध वोट काटे गए हैं।
मलिकपुर गांव के सरपंच विक्की ने कहा कि गांव में करीब 4600 वोट हैं, जिनमें लगभग 3500 वोट पोल हुए। गांव में चार अलग-अलग बूथ हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में केवल कांग्रेस समर्पित नहीं, बल्कि भाजपा से जुड़े हुए लोगों के भी वोट कटे हैं।
इसे वोट चोरी जैसा कहना गलत है। जिनकी वीडियो जारी की गई है, उन सभी की एक जैसी बात निकल कर सामने आई।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में राई हलके और इस गांव से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी को ज्यादा वोट मिले थे। हालांकि, छह महीने बाद विधानसभा चुनाव में बाजी पलट गई। तब भाजपा की कृष्णा गहलावत को कांग्रेस प्रत्याशी जयभगवान अंतिल से करीब 600 वोट ज्यादा मिले।
गौरतलब है कि राई हलके में भाजपा उम्मीदवार कृष्णा गहलावत को 64,614 वोट मिले जबकि कांग्रेस के जय भगवान को 5 9,941 वोट मिले । जीत का अंतर 4673 वोट का रहा ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित