नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुये कांग्रेस की राजनीति को नकारात्मकता पर आधारित करार दिया।

पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज ने यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में श्री गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लगाये गये आरोपों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश को ऐसा विपक्ष का नेता मिला है, जो निराधार आरोपों की राजनीति कर रहा है।

सुश्री स्वराज ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और असहमति लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, लेकिन श्री गांधी अपने पद की गरिमा का पालन करने में असफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी की राजनीति केवल नकारात्मकता, अराजकता और भ्रम फैलाने पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में दिये गये श्री गांधी के आज ही दिये गये बयान न केवल श्री मोदी के प्रति अमर्यादित थे, बल्कि देश की छवि को भी नुकसान पहुंचाने वाले थे।

सुश्री स्वराज ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री गांधी तथ्यों को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 94.19 अरब रुपये (1.035 बिलियन डॉलर) मूल्य के कृषि उत्पादों पर शून्य पारस्परिक शुल्क सुनिश्चित किया गया है, जिससे भारतीय किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को लेकर भ्रम फैलाना उचित नहीं है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या श्री गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के खिलाफ बोलकर देश विरोधी ताकतों को बल दे रहे हैं।

सुश्री स्वराज ने दावा किया कि कांग्रेस और श्री गांधी को जनता बार-बार चुनावों में नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी लगातार चुनावी हार से सबक लेने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। उन्होंने एआई सम्मेलन का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर विरोध प्रदर्शन कर देश की छवि खराब करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार भारत आज एआई और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार परिणाम आधारित राष्ट्रनीति पर काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित