चंडीगढ़ , दिसम्बर 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बर्लिन में दिये गये कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंगलवार को कहा कि श्री गांधी का हर विदेश दौरा अब भारत-विरोधी राजनीति का मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर भारत की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना राजनीतिक आलोचना नहीं, बल्कि देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित कोशिश है।
श्री चुघ ने कहा कि बर्लिन में यह कहना कि भारत में कुछ भी निष्पक्ष नहीं है और संस्थाओं पर कब्ज़ा कर लिया गया है, लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी विपक्ष के नेता नहीं, बल्कि दुष्प्रचार के नेता, पर्यटन के नेता और पलायन की राजनीति के नेता बन चुके हैं। वह जहां जाते हैं, आरोप लगाते हैं और फिर जवाबदेही से भाग जाते हैं। देश की संस्थाओं, लोकतांत्रिक ढांचे और शासन प्रणाली को लगातार अपमानित करना उनकी राजनीतिक पहचान बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार का कार्यकाल देश की लूट और घोटालों के काले अध्याय के रूप में दर्ज है, उन्हें आज नैतिकता का पाठ पढ़ाने का कोई अधिकार नहीं है। टूजी घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, कोयला घोटाला और नेशनल हेराल्ड जैसे मामलों ने कांग्रेस शासन की सच्चाई उजागर की थी। ऐसे लोग आज भारत पर सवाल उठाएं, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित