पटना , जनवरी 23 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता तथा पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि कुदाल हाथ में उठा लेने से कोई किसान नही हो जाता है और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का कुदाल के साथ फोटो खिंचवाना महज़ एक राजनीतिक लाभ पाने का तरीका है।

श्री पटेल ने आज बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस के दोनों नेता कुदाल के साथ फोटो खिंचवा कर देश के मेहनतकश मजदूरों, किसानों और गरीब तबकों की भावनाओं का खुला मज़ाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन हाथों ने दशकों तक सत्ता में रहते हुए इन वर्गों के हक़ और सम्मान को नज़रअंदाज़ किया, वही आज दिखावटी श्रम का नाटक कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिस कांग्रेस के कार्यकाल में किसान आत्महत्या कर रहे थे और मजदूरों को कोई सामाजिक सुरक्षा नही मिली थी, उसी के नेता इन दिनों बेवजह विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण (वीबी जी रामजी) का विरोध कर रहे हैं।

भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में थी तब मजदूरों को कोई सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल हुई थी और गरीबों के लिए योजनाएँ काग़ज़ों तक सीमित थीं। दबे-कुचले और शोषित वर्गों के नाम पर राजनीति तो खूब हुई, लेकिन ज़मीनी बदलाव कुछ भी नही हुआ।

श्री पटेल ने कहा कि आज जब मोदी सरकार ने वास्तविक परिवर्तन के साथ गरीबों को सम्मानजनक आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस, आयुष्मान भारत, पीएम-किसान, ई-श्रम, श्रमिक कार्ड, और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसे ठोस कदम उठाए हैं तो कांग्रेस उसे कबूल नहीं कर पा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित