मोहाली , फरवरी 25 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिद्धू ने 28 फरवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अगुवाई में बरनाला में होने वाली 'मनरेगा बचाओ संघर्ष महारैली' के संबंध में एक विशेष बैठक की गयी।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री सिद्धू ने बुधवार को कहा कि बरनाला में होने वाली 'मनरेगा बचाओ संघर्ष महारैली' में मोहाली से रिकॉर्ड तोड़ संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, मजदूरों और किसानों के समर्थन में खड़ी रही है और इस रैली के माध्यम से लोगों की आवाज को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी योजनायें देश के लाखों परिवारों के लिए जीवन का सहारा हैं और कांग्रेस कभी भी जन-विरोधी नीतियों को सफल नहीं होने देगी। पंजाब की धरती हमेशा संघर्षों की धरती रही है और यहां के लोग अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ना जानते हैं। मोहाली के कार्यकर्ताओं में जोश और एकता देखकर स्पष्ट है कि आने वाले समय में कांग्रेस और मजबूत होगी।

श्री सिद्धू ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही मौजूदा केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा राशन किट और अन्य लालच दिये जा रहे हैं, लेकिन यह कदम केवल वोट हासिल करने के लिए हैं, जनता के हित के लिए नहीं। उन्होंने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मनरेगा योजना को कमजोर कर देश के मजदूरों को बेरोजगारी की ओर धकेला जा रहा है।

श्री सिद्धू ने कहा कि मनरेगा की शुरुआत पूर्व कांग्रेसी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा की गयी थी, जिससे करोड़ों मजदूरों को रोजगार की गारंटी मिली, लेकिन मौजूदा मोदी सरकार द्वारा इस योजना का बजट घटाकर और भुगतान में देरी कर इसे खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी हमेशा गरीबों, मजदूरों, किसानों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते आये हैं। वे केवल बयान नहीं देते, बल्कि जमीन पर जाकर लोगों के दुख-दर्द को समझते हैं और उनकी आवाज संसद तक पहुंचाते हैं। मनरेगा जैसी जनहित योजनाओं की रक्षा हो या महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के मुद्दे, श्री गांधी हर मोर्चे पर डटे हुए हैं। गरीबों के अधिकारों की इस लड़ाई में हम उनका पूरा साथ देंगे। देश में समानता, न्याय और भाईचारे की स्थापना के लिए उनकी सोच को मजबूत करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी दर में वृद्धि हो रही है और किसान-मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संघर्ष लड़ेगीऔर जन-विरोधी नीतियों का डटकर विरोध करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित