चंडीगढ़ , फरवरी 4 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बुधवार को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बयान कांग्रेस की दिवालिया हो चुकी मानसिकता को स्पष्ट रूप से उजागर करते हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी राजनीति में गंभीरता और मर्यादा बनाए रखने के बजाय सिर्फ अपमानजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल कर अपनी नाकामी को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को खत्म करने के लिए किसी विरोधी पार्टी की जरूरत नहीं है, अकेले राहुल गांधी ही काफी हैं, जो अपने बयानों और गलत नीतियों से पार्टी को भीतर से ही खोखला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति को समझ चुकी है और इसी वजह से पार्टी लगातार चुनावों में हार का सामना कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू देश और पंजाब के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं और उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करना कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा विकास और जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाकर व्यक्तिगत हमलों का रास्ता अपनाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित