नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए और विभाजनकारी विचारों से दूर रहे।

श्री इन्द्राज ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में यहाँ अदिति कॉलेज में एक कार्यक्रम में कहा कि बाबा साहेब के विचारों और संघर्षों का समुचित अध्ययन आज भी समाज में व्यापक रूप से नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए अपने जीवन को महान बनाया और देश को एक मजबूत संवैधानिक आधार प्रदान किया। उन्होंने सभी से संविधान और बाबा साहेब के विचारों का गंभीर अध्ययन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि "शिक्षित बनो, संघर्ष करो और संगठित रहो" का संदेश किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए है। उन्होंने 'जय भीम' के वास्तविक अर्थ को समरसता, समानता और सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा कि समाज को विभाजनकारी सोच से ऊपर उठकर एकजुटता की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने कहा कि आज का भारत जिस सुचारु रूप से आगे बढ़ रहा है, उसका आधार संविधान है। युवाओं से उन्होंने आह्वान किया कि वे संविधान को पढ़ें, समझें और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनें। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए और विभाजनकारी विचारों से दूर रहे। उन्होंने बल देते हुए कहा कि बाबा साहेब और संविधान को समझना हमारे जीवन का मूल आधार होना चाहिए, क्योंकि यही हमारे अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक समरसता की नींव है।

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व के सबसे उत्कृष्ट संविधानों में से एक है, जो विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। इतने विशाल, बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक देश में एकता बनाए रखना केवल संविधान की शक्ति से संभव हुआ है, जिसका श्रेय बाबा साहेब को जाता है।

श्री इन्द्राज सिंह ने नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी, विशेष रूप से छात्राएं, सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की धुरी बन सकती हैं, इसलिए उन्हें हर संभव अवसर और समर्थन प्रदान किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित