रीवा , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के रीवा स्थित शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय रीवा के भूविज्ञान विभाग द्वारा प्राकृतिक संसाधन एवं पर्यावरणीय स्थिरता विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 18 और 19 मार्च को किया जाएगा, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ भाग लेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस अंतर्गत आयोजित इस संगोष्ठी को मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग एवं एनएमडीसी द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है। संगोष्ठी में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, संतुलित उपयोग, पर्यावरणीय स्थिरता तथा सतत विकास लक्ष्यों के अंतर्गत लक्ष्य 6, 11 और 13 पर विशेष चर्चा होगी।

संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र 18 मार्च को प्रातः 10:30 बजे स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. कृष्ण बिहारी पांडेय उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अतिरिक्त महानिदेशक राजिंदर कुमार, भारतीय खान ब्यूरो के क्षेत्रीय नियंत्रक सलील संदीप कुजूर, प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, डॉ. आर.पी. सिंह, प्रो. रवींद्र प्रताप सिंह तथा प्रो. अनिल दत्त शुक्ला सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ एवं शिक्षाविद शामिल होंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संगोष्ठी संरक्षक प्रो. (डॉ.) रवीन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि प्राकृतिक संसाधन विकास की आधारशिला हैं, लेकिन उनका अंधाधुंध दोहन पर्यावरणीय असंतुलन को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संगोष्ठियां वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों और शोधार्थियों में सतत विकास के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं।

संगोष्ठी के आयोजन सचिव डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में देशभर के विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों से आए प्राध्यापक, वैज्ञानिक और शोधार्थी भाग लेंगे। विभिन्न तकनीकी सत्रों में जलवायु परिवर्तन, खनिज संसाधन प्रबंधन, भू-पर्यावरणीय समस्याएं, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास जैसे विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।

महाविद्यालय प्रशासन ने इसे अकादमिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है। यह संगोष्ठी ज्ञान एवं शोध के आदान-प्रदान के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित