ऋषिकेश, मार्च 25 -- राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के लिए प्रस्तावित भूमि को लेकर रानीपोखरी क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है। इसको लेकर बुधवार को यहां तनाव उत्पन्न हो गया।
लिस्ट्राबाद ग्राम सभा में वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा किए गए शिलान्यास के बाद अब उसी भूमि को सिंचाई विभाग के अंतर्गत सौंग बांध, देहरादून के विस्थापितों को आवंटित किए जाने की प्रक्रिया शुरू होने से स्थानीय लोगों में रोष है।
ऋषिकेश तहसील प्रशासन बुधवार को भूमि की नाप-जोख के लिए मौके पर पहुंचा, जहां आंदोलनकारियों ने कड़ा विरोध जताया। विरोध के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि सरकार की नीतियों में विरोधाभास नजर आ रहा है। उनका कहना है कि पूर्व में जहां राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना का वादा किया गया था, वहीं अब उसी योजना को समाप्त कर भूमि का उपयोग अन्य उद्देश्य के लिए किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित