पटना , मार्च 09 -- राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रिंस राज को सोमवार को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
रालोजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित थे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने बैठक में पूर्व सांसद प्रिंस राज को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया।
इस अवसर पर श्री पारस ने कहा कि आज की राजनीति के नए दौर में प्रवेश कर गया है। आज की स्थिति परिस्थिति को देखते हुए अब समय आ गया है कि नौजवानों के हाथ में कमान दिया जाये। इसी तरह प्रिंस राज को हाथों में कमान दिया गया। उन्होंने बताया कि दो महीनों के बाद फिर से एक बैठक बुलाकर प्रिंस राज को पूर्ण राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया जायेगा और वे पार्टी के हित में जो भी निर्णय लेगे सभी को मान्य होगा।
रालोजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर प्रिंस राज ने खुशी जाहिर की एवं पदाधिकारियों ने जोश भरते हुए कहा कि आगामी होने वाले पश्चिम बंगाल, तामिलनाडु, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी चाहे परिणाम जो भी आये। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां में कई बार उतार-चढ़ाव आती रहती है। लेकिन पार्टी अब पूरे देश प्रदेश में जहां-जहां संगठन मजबूत करने की जरूरत पड़ेगी वहां जाकर संगठन मजबूत करने का काम किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित