अंबिकापुर , फरवरी 17 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे 343 की खराब हालत समेत कई अन्य समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। रनपुर, रजपुरी और असोला क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने सुबह से ही हाईवे को जाम कर दिया, जिससे अंबिकापुर से झारखंड की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी नेताओं ने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में अवैध प्लॉटिंग और ब्लास्टिंग पर रोक, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछने के बावजूद पेयजल वितरण में हो रही देरी, रिंग रोड निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए नाले की मरम्मत और सबसे प्रमुख रूप से नेशनल हाईवे 343 के जर्जर हालात को ठीक करना शामिल है। उन्होंने कहा कि शहर की भीतरी सड़कें तो ठीक हो गई हैं, लेकिन पांच किलोमीटर के दायरे वाली इस मुख्य सड़क पर गड्ढों और धूल के कारण आवागमन दूभर हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित