कांकेर , फरवरी 22 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर माकड़ी क्षेत्र के पास सड़क पार करते एक भालू के दिखाई देने से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने सतर्कता दिखाते हुए अपनी गाड़ियां रोक दीं, जिससे यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, भालू अचानक जंगल की ओर से निकलकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया। वह कुछ क्षणों तक सड़क के बीच में ठहरा और फिर दूसरी ओर स्थित वन क्षेत्र में चला गया। घटना शाम के समय की बताई जा रही है, जब हाईवे पर सामान्य से अधिक आवाजाही रहती है। वाहन चालकों ने संयम बरतते हुए दूरी बनाए रखी, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित