बैतूल , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल-नागपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बोथिया जोड़ के पास हुआ, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान झिटापाटी निवासी अम्मु (18) पिता गोंडी सरियाम के रूप में हुई है। बताया गया कि अम्मु किसी काम से बाइक से जा रहा था, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फोरलेन एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शव को जिला चिकित्सालय बैतूल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, बाद में परिजनों को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार अम्मु मजदूरी करता था और अनका वाड़ी में काम करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित