पटना , जनवरी 15 -- पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने गुरुवार को विभागीय सभाकक्ष में राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़क परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा के दौरान अधिकारियों और अभियंताओं को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय- सीमा के भीतर पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया।

सचिव श्री पाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य सड़क परियोजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता मानकों, तकनीकी विशिष्टताओं तथा सुरक्षा प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने भूमि अधिग्रहण, उपयोगिता स्थानांतरण और तकनीकी स्वीकृतियों से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया, जिससे निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में पटना रिंग रोड (एनएच-131जी) के अंतर्गत कन्हौली से शेरपुर तक प्रस्तावित छह- लेन खंड के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा किशनगंज- बहादुरगंज खंड (एनएच-27 से प्रारंभ) के चार- लेन पथ निर्माण की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा हुई।

समीक्षा बैठक में शेरपुर से दिघवारा तक गंगा नदी पर प्रस्तावित छह- लेन पुल और इसके एप्रोच पथ (एनएच-131जी) के निर्माण की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही छह- लेन ग्रीनफील्ड वाराणसी- रांची- कोलकाता हाईवे परियोजना के तहत रामनगर से कच्ची दरगाह तक प्रस्तावित छह- लेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर (एनएच-119डी, ईपीसी मॉडल) के निर्माण कार्य और भावी कार्ययोजना पर भी विशेष समीक्षा की गई।

इसके अतिरिक्त बैठक में पथ संधारण (रोड मेंटेनेंस) से जुड़े विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। सचिव ने सड़कों के नियमित रखरखाव और दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बैठक में पथ निर्माण विभाग की विशेष सचिव डॉ शैलजा शर्मा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि और विभाग के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित