बिलासपुर , जनवरी 11 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि राष्ट्रीय युवा दिवस पर बिलासपुर में 1500 से अधिक बच्चे स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में वंदे मातरम् गाकर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा। इस आयोजन में 1500 से अधिक स्कूली बच्चे स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में एक साथ वंदे मातरम् का गान करेंगे।
श्री अरुण साव ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पूरे देश में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर स्वदेशी दौड़ का आयोजन होगा तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा रत्न पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस ग्राउंड, बिलासपुर में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में 1500 से अधिक बच्चे एक साथ नशा मुक्ति की शपथ भी लेंगे। इसके साथ ही कंपनी गार्डन, बिलासपुर में स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ग्राउंड में 5500 वर्गफीट से अधिक क्षेत्रफल में एक विशाल और आकर्षक रंगोली के माध्यम से स्वामी विवेकानंद का चित्र भी बनाया जा रहा है, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित