भभुआ , फरवरी 13 -- राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, कैमूर के सौजन्य से शुक्रवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
लिच्छवी भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती रेखा कुमारी ने बताया कि राष्ट्रीय महिला दिवस भारत कोकिला सरोजिनी नायडू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सरोजिनी नायडू एक प्रसिद्ध कवयित्री, स्वतंत्रता सेनानी तथा उत्तर प्रदेश की पहली महिला राज्यपाल थीं।
जिला परियोजना प्रबंधक, श्रीमती कुमारी प्रियंका राज ने महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित सभी योजनाएं यथा-वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, एवं कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम (2013) एवं अन्य सभी टॉल फ्री नंबर के बारे में जानकारी दी।
विज्ञान प्रदर्शनी में जिले के सभी प्रखंडों से छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रखंड की छात्राओं द्वारा उम्दा प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मोहनिया एवं कुदरा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, दुर्गावती तथा तृतीय स्थान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कुदरा एवं रामगढ़ को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास निगम के सभी कर्मियों की उपस्थिति रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित