पटना , जनवरी 22 -- राष्ट्रीय मतदाता दिवस- 2026 के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार में निर्वाचन प्रबंधन, मतदाता जागरूकता और नवाचार आधारित संचार रणनीति के लिये बिहार के वरिष्ठ अधिकारियों और जिलों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किये जाने की घोषणा गुरुवार को की है।
विशेष पुरस्कार श्रेणी के अंतर्गत बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सह राज्य पुलिस नोडल अधिकारी कुंदन कृष्णन और आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस उपमहानिरीक्षक और निर्वाचन नोडल अधिकारी मानवजीत ढिल्लों को उनके प्रभावी नेतृत्व, बेहतर समन्वय और निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न कराने में अहम भूमिका के लिये चयनित किया गया है।
इसके साथ ही श्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार के लिये राज्य के पांच जिलों पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, पटना, समस्तीपुर और मधुबनी का चयन किया गया है। इन जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन, नवाचार और मतदाता सहभागिता को बढ़ाने के लिये सम्मानित किया जायेगा।
इसी अवसर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस- 2026 के लिये बेस्ट सोशल मीडिया टीम पुरस्कार के लिये बिहार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की मीडिया टीम का चयन किया गया है। इस पुरस्कार के लिये बिहार के तत्कालीन सोशल मीडिया नोडल अधिकारी कपिल शर्मा को नामित किया गया है।
बिहार की सोशल मीडिया टीम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी हितधारकों तक सही, प्रामाणिक और समयबद्ध सूचनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया। इस अवधि में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैली भ्रामक और गलत जानकारियों का त्वरित, तथ्यपरक और सुनियोजित खंडन भी किया गया।
इसके साथ ही बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के दौरान मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों का योजनाबद्ध क्रियान्वयन करते हुये सभी सहभागियों और हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और मतदाता केंद्रित बनाया जा सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित