राजनांदगांव , जनवरी 25 -- राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय समारोह का आज आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता उपस्थित रहे, जबकि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र यादव विशेष रूप से मौजूद थे।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस को 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है।

मतदान न केवल एक संवैधानिक अधिकार है, बल्कि यह नागरिकों का संवैधानिक कर्तव्य भी है।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत में निष्पक्ष निर्वाचन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर युवाओं को मतदान का अधिकार मिल जाता है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित करना और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जो नागरिक मतदान करता है, वह सक्रिय मतदाता होता है, जबकि मतदान न करने वाला निष्क्रिय मतदाता कहलाता है। निष्क्रिय मतदाता से केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि संस्थागत क्षति होती है। निष्क्रिय मतदाताओं को सक्रिय मतदाता बनाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र यादव ने लोकतंत्र के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मतदान नागरिकों की सबसे बड़ी शक्ति है, जिसके माध्यम से वे अपने जनप्रतिनिधि और सरकार का चयन करते हैं।

ब्रिटिश शासनकाल में नागरिकों को यह अधिकार प्राप्त नहीं था, लेकिन स्वतंत्रता के बाद भारतीय लोकतंत्र ने मताधिकार को सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने बताया कि 61वें संवैधानिक संशोधन के तहत मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई, जिससे अधिक से अधिक युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सकें।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जाति, धर्म और संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर विवेकपूर्ण ढंग से मताधिकार का प्रयोग करें और ऐसे प्रतिनिधियों को चुनें जो शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए कार्य करें। युवाओं से न केवल मतदान करने बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित