देहरादून , फरवरी 09 -- उत्तराखंड राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के देहरादून में जौलीग्रांट स्थित वाहिनी मुख्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता का संयुक्त अभ्यास किया गया।
फैमिलेराइजेशन एक्सरसाइज कार्यक्रम के अंतर्गत एनडीआरएफ द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कॉलेप्स्ड स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू (सीएसएसआर) आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य भूकंप, भवन ध्वस्तीकरण एवं संरचनात्मक ढहाव जैसी आपदाओं के दौरान फंसे व्यक्तियों की खोज एवं सुरक्षित रेस्क्यू के लिए बलों की तकनीकी दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया, टीम वर्क तथा आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों का मूल्यांकन करना होता है।
उक्त प्रस्तावित प्रतियोगिता के सफल आयोजन की तैयारी के क्रम में आज एनडीआरएफ की टीम द्वारा एसडीआरएफ के साथ संयुक्त अभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान वास्तविक आपदा परिदृश्यों के अनुरूप विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों, उपकरणों के उपयोग, सर्च पैटर्न, मेडिकल रिस्पॉन्स एवं आपसी समन्वय का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित