मैनपुरी , फरवरी 10 -- राष्ट्रीय कृमि दिवस के अवसर पर मंगलवार को मैनपुरी जिले के विभिन्न स्कूलों में बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा ऐल्बेंडाजोल खिलाई गई। इसी क्रम में मैनपुरी विकास खंड के नगला कीरत स्थित कंपोजिट विद्यालय में दवा सेवन के बाद करीब 30 बच्चे बीमार हो गए।
दोपहर लगभग एक बजे विद्यालय में बच्चों को ऐल्बेंडाजोल की गोली दी गई। कुछ ही देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। बच्चों की तबीयत बिगड़ते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए और आक्रोशित हो उठे। इस दौरान कुछ अभिभावकों ने शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बीमार बच्चों को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। विद्यालय में 300 से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती बच्चों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बच्चों के पेट दर्द और उल्टी की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी को अस्पताल पहुंचाया। बच्चों के बीमार होने के कारणों की जांच कराई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित