कोटा , फरवरी 10 -- राजस्थान में तमिलनाडु में इस महीने के अंत में होने जा रही अण्डर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए राजस्थान के पहलवान हवाई जहाज से जाएंगे।
कोटा जिला कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष तेजेंद्र सिंह बराड़ ने मंगलवार को बताया कि तमिलनाडु के सेलम में अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 27 फरवरी से एक मार्च तक होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए राजस्थान की टीम का चयन उदयपुर में आयोजित अंडर-15 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया। आमतौर पर किसी भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शिरकत करने के लिए टीम रेल या सड़क मार्ग से जाती है।
दरअसल अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम को भेजने की तैयारियों के दौरान सामने आया की राजस्थान से तमिलनाडू की दूरी काफी अधिक है। ऐसे में ट्रेन से टीम भेजने पर लंबे और थका देने वाले सफर से बाल पहलवानों का प्रतियोगिता में प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है। लिहाजाराजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने स्वयं पहल करते हुए टीम के सभी 30 पहलवानों, छह प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधक को हवाई जहाज से तमिलनाडु भेजने का निर्णय किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित