चंडीगढ़, 31अक्टूबर (वार्ता) सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के सचिवालय में एक कार्यक्रम में मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने प्रशासन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी।
श्री प्रसाद ने कहा कि सरदार पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और अदम्य संकल्प ने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने इस मौके पर सभी कर्मचारियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाये रखने तथा इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गृह सचिव मनदीप सिंह बरार, सचिव शिक्षा प्रेरणा पुरी, सचिव कार्मिक स्वप्निल एम. नाईक, सचिव समाज कल्याण अनुराधा चगती तथा विधि परामर्शदाता सूर्य चंदर कांत सहित प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस हर वर्ष 31 अक्टूबर को मनाया जाता है, ताकि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के देश के एकीकरण में किये गये अद्वितीय योगदान को स्मरण किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित