नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- राष्ट्रीय अकाली दल ने ऑनलाइन गेम्स पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए रविवार को पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर चौक पर धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने "ऑनलाइन गेम्स बैन करो", "ऑनलाइन गेम बच्चों के हाथों में हथियार" और "बच्चों का भविष्य मत बिगाड़ो" जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर विरोध जताया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और ऑनलाइन गेम्स पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई।

श्री पम्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऑनलाइन गेमिंग बच्चों के भविष्य को बर्बाद कर रही है और कई मामलों में यह जानलेवा भी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि बच्चे इन खेलों में इतने लिप्त हो जाते हैं कि रोकने पर वे आत्मघाती कदम उठा लेते हैं या परिवार के लोगों के प्रति हिंसक व्यवहार करने लगते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे ऐप्स पर सख्त निगरानी रखी जाए जो बच्चों को आपराधिक गतिविधियों की ओर धकेलते हैं।

श्री पम्मा ने कहा कि सोशल मीडिया से जुड़ने के लिए आयु सीमा तय की जानी चाहिए। उनके अनुसार कई देशों में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया उपयोग की अनुमति नहीं होती। उन्होंने स्कूलों से भी अपील की कि मोबाइल फोन पर होमवर्क देने से बचें, क्योंकि बच्चे इसी बहाने विभिन्न ऐप्स और गेम्स से जुड़ जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित