भिण्ड , नवम्बर 16 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में आयोजित आत्मनिर्भर भारत अभियान सह जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम में आज जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधेन में कहा कि आत्मनिर्भरता का वास्तविक अर्थ केवल आर्थिक संपन्नता नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वदेशी उत्पादन, नवाचार, तकनीक और श्रम के साथ आगे बढ़ना है।
प्रभारी मंत्री पटेल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान देश को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने का संकल्प है। देश को आयात पर निर्भरता से मुक्त कर स्थानीय उद्योगों, किसानों, कारीगरों और युवा उद्यमियों को सशक्त करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विकास तभी टिकाऊ होगा जब देश अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं करने की क्षमता विकसित करेगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नवाचार, बौद्धिक संपदा निर्माण, वैज्ञानिक अनुसंधान और रोजगार सृजन की व्यापक प्रक्रिया है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाना राष्ट्र निर्माण में सबसे प्रभावी योगदान है। इसके साथ ही उन्होंने श्रम, नशामुक्त जीवन और अनुशासित दिनचर्या को आत्मनिर्भर जीवनशैली का आधार बताया।
विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में दृढ़ कदम उठा रहा है। वोकल फॉर लोकल अभियान ने किसानों, छोटे उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं। जीएसटी बचत उत्सव से उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों को राहत मिली है, जिससे बाजार में आर्थिक गतिविधियां तेज हुई हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देकर भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि, जनपद अध्यक्ष सरोज बघेल, कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव, सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित