नयी दिल्ली , जनवरी 13 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फसलों के उत्सव लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू के मौकों पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि ये त्योहार भारत की समृद्ध कृषि विरासत और राष्ट्रीय एकता की भावना के प्रतीक हैं।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक संदेश में कहा, "मैं लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू के शुभ अवसर पर भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई देती हूं।"उन्होंने अपने संदेश में कहा, "ये त्योहार हमारी समृद्ध कृषि परंपराओं और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं। ये हमारी जीवंत और विविध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिबिंब हैं। ये त्योहार हमारे किसानों की कड़ी मेहनत को सलाम करने के अवसर हैं जो देश को खिलाने के लिए अथक प्रयास करते हैं। देशभर में मनाए जाने वाले इन त्योहारों के माध्यम से हम प्रकृति मां के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। मैं इस शुभ अवसर पर कामना करती हूं कि हमारे समाज में प्रेम और एकजुटता की भावना और मजबूत हो और हम एक समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए मिलकर काम करें।"उल्लेखनीय है कि लोहड़ी, पोंगल, संक्रांति और उत्तरायण सहित ये फसल उत्सव उन विविध तरीकों को दर्शाते हैं जिनसे पूरे भारत में समुदाय इस मौसम की समृद्धि का जश्न मनाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित