अयोध्या , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे और राम नवमी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में द्रौपदी मुर्मू प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियों का जायजा लिया और श्री राम जन्मभूमि में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और बाद में पीएफसी स्थित सभाकक्ष में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति के स्वागत, एयरपोर्ट व्यवस्था, यात्रा मार्ग पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन और अतिथियों के लिए किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। पूज्य संतों तथा अन्य प्रतिष्ठित अतिथियों के लिए भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
योगी ने प्रशासन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और एंटी-ड्रोन कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होने रामनवमी के अवसर पर अयोध्या धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने फुटपाथ खाली रखने, भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था करने और दर्शन-पूजन कार्यक्रम को स्क्रीन के माध्यम से प्रसारित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित