नयी दिल्ली, सितंबर 30 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , कई केंद्रीय मंत्रियों , विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा भारतीय जनता पार्टी के अनेक नेताओं ने वरिष्ठ पार्टी नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज श्री मल्होत्रा के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पाजंलि अर्पित की और उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी उनके आवास पर जाकर श्री मल्होत्रा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्री मल्होत्रा के आवास पर गये और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इसके बाद प्रधानमंत्री ने उनके परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। श्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन से गहरा दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"श्री मल्होत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, भाजपा नेता विनोद तावड़े, तरूण चुघ, प्रवेश वर्मा,कई मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारियों शामिल थे जिन्होंने अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित