भरतपुर, 19 मार्च ((वार्ता) राजस्थान में भरतपुर संभाग के भरतपुर एवं डीग जिले में गर्मी के मौसम में आमजन को पेयजल, विद्युत एवं चिकित्सा संबंधी मूलभूत सुविधाओं के मद्देनजर योजना बनाने एवं विकास कार्याें को समयबद्ध रूप से गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए नियमित निगरानी करने के निर्देश दिये गए हैं।
जल संसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने गुरुवार को दोनों जिलों में मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति, बजट घोषणाओं एवं विकास कार्याें की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए। जिला प्रभारी मंत्री ने विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा संस्थानों में मौसमी बीमारियों की रोकथाम के उपाय करने, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं संबंधी जनहित की समस्याओं का शीघ्रता से निराकरण करने के निर्देश भी दिये।
उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन को समस्या निराकरण के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाने पड़ें। सभी अधिकारी संवेदनशीलता से समय पर निराकरण करते हुए परिवादी से संवाद करके फीडबैक भी लें। बैठक में क्षेत्रीय विधायकों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित