रायसेन , अक्टूबर 5 -- रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया कला में शुक्रवार शाम से लापता नाबालिग अभिषेक उम्र 17 वर्ष पर अज्ञात हमलावरों द्वारा अमानवीय अत्याचार करने की घटना सामने आई है।
पीड़ित के परिवार ने बताया कि अभिषेक शाम से गायब था। देर रात खोजबीन के बाद उसे गांव के पास नदी किनारे अचेतावस्था में पाया गया। उसका शरीर कई जगह से झुलसा हुआ, हाथ अकड़े हुए और कपड़े फटे हुए थे। तुरंत परिजनों ने उसे सुल्तानगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, अभिषेक के शरीर पर ऐसे घाव हैं कि स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि उस पर तेजाब फेंका गया या करंट लगाया गया। घायल बोलने की स्थिति में नहीं है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बेगमगंज आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित