रायसेन , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के दशहरा मैदान में उन्नत कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 अप्रैल की शाम को करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार शिवराज सिंह चौहान प्रदर्शनी परिसर में स्थापित विभिन्न स्टॉलों और डेमोंस्ट्रेशन क्षेत्रों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान आधुनिक कृषि यंत्रों, सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों, ड्रोन तकनीक सहित उन्नत कृषि मॉडलों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसान इन्हें व्यवहारिक रूप से समझ सकें।
तीन दिवसीय यह महोत्सव 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होगा, जिसमें करीब 300 स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदर्शनी में खेती की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला-इनपुट से लेकर प्रसंस्करण और विपणन तक-के समाधान एक ही मंच पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रदर्शनी में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, राज्य कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग, एमएसएमई, नाफेड, किसान उत्पादक संगठन तथा कृषि स्टार्ट-अप्स सहित अनेक संस्थान और कंपनियां भाग ले रही हैं, जो अपने नवाचार और सफल मॉडल प्रस्तुत करेंगे।
आयोजन स्थल को तीन बड़े हैंगरों में विकसित किया गया है, जहां कृषि यंत्रीकरण, सिंचाई, बीज, मृदा पोषण, पशुपालन, डेयरी, ग्रामीण विकास और तकनीकी सत्रों से संबंधित अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। इस प्रदर्शनी में किसानों को वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा, जिससे उन्हें आधुनिक और लाभकारी खेती के लिए मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित