श्रीगंगानगर , मार्च 24 -- राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतमकुमार दक ने श्रीगंगानगर में रायसिंह नगर की क्रय-विक्रय सहकारी समिति को राजस्थान की सर्वश्रेष्ठ सहकारी समिति के रूप में मंगलवार को जयपुर में विधानसभा के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अपनी स्थापना के 67 में वर्ष में रायसिंहनगर को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ समिति होने का पुरस्कार पहली बार मिला है। यह सम्मान भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय एवं राजस्थान सरकार द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया।
सू्त्रों ने बताया कि समिति का चयन किसानों के हितों में उत्कृष्ट कार्य, समर्थन मूल्य पर अधिकतम ख़रीद करना जन औषधि केंद्र का संचालन करके आम जनता को सस्ती दवाईयां उपलब्ध कराना, आदान-अनुदान वितरण, खाद-बीज उपलब्धता पारदर्शिता एवं कार्पोरेट सामुदायिक उत्तर दायित्व (सीएसआर) कोष द्वारा एवं सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका के आधार पर किया गया। समिति के अध्यक्ष राकेश ठोलिया और उनके नेतृत्व में संचालक मंडल एवं कर्मचारियों की मेहनत का यह परिणाम है।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता मंत्री गौतमकुमार दक, एनसीडीसी के क्षेत्रीय निदेशक सुनील छापोला सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने समिति को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित